Search
Close this search box.

कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा,पुराने शौचालय को दुरुस्त कर शीघ्र संचालन में लाने के निर्देश दिये

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


डिंडौरी : 24 मार्च, 2026
मंगलवार शाम कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति, निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति तथा पोषण पुनर्वास केंद्र का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नाले में किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को अप्रैल 2026 के अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका द्वारा बनाए गए पुराने शौचालय को दुरुस्त कर शीघ्र संचालन में लाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार कक्ष, पीएनसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, प्रयोगशाला, पुरुष एवं महिला वार्ड, आईसीयू तथा आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। दवा भंडार कक्ष में उन्होंने स्टॉक रजिस्टर एवं ऑक्सीजन सिलेंडर वितरण रजिस्टर का परीक्षण किया तथा फार्मासिस्ट श्री उपेंद्र पाराशर एवं श्री अरविंद मरावी से दवा एवं ऑक्सीजन उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
पीएनसी वार्ड में कलेक्टर ने भर्ती मरीजों से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा जच्चा-बच्चा की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान ग्राम देवरी अमरपुर की अनीता ठाकुर के परिजनों द्वारा प्रसव संबंधी समस्या बताए जाने पर कलेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित चिकित्सक को तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, पीडब्ल्यूडी एवं नगर पालिका के अधिकारी तथा जनसंपर्क अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool
error: Content is protected !!