Search
Close this search box.

अतिरिक्त संचालक डॉ. अल्केश चतुर्वेदी ने किया डिंडोरी के 5 महाविद्यालयों का निरीक्षण, शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर  दिया जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डिंडोरी, 16 जुलाई 2026। उच्च शिक्षा विभाग, जबलपुर संभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. अल्केश चतुर्वेदी ने बुधवार को डिंडोरी जिले के 5 शासकीय महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, नियमित कक्षाओं, शिक्षकों की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं और छात्र हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

निरीक्षण की शुरुआत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय चंद्र विजय महाविद्यालय, डिंडोरी से हुई। यहां उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर सभी प्राध्यापकों से परिचय एवं संवाद किया। उन्होंने निरंतर कक्षाएं संचालित करने, डेली डायरी संधारण और शैक्षणिक गतिविधियों को नवाचार के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। प्राध्यापकों के साथ आत्मीय परिचर्चा भी हुई।

इसके पश्चात वे मेकलसुता अशासकीय महाविद्यालय, डिंडोरी पहुंचे। यहां उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और परीक्षा परिणामों में सुधार पर चर्चा की। छात्र-छात्राओं को करियर काउंसलिंग और कौशल विकास से जोड़ने के भी सुझाव दिए।

शासकीय आदर्श मॉडल महाविद्यालय, डिंडोरी में उन्होंने स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि प्रतिदिन समय पर कक्षाएं संचालित हों, उपस्थिति पंजी का नियमित संधारण हो और विद्यार्थियों को पुस्तकालय, प्रयोगशाला जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।

भ्रमण के अंतिम चरण में शासकीय मॉडल महाविद्यालय एवं शासकीय महाविद्यालय, शहपुरा का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया।

जल संरक्षण पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान डॉ. चतुर्वेदी ने सभी 5 महाविद्यालयों में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि “रेन वाटर हार्वेस्टिंग जल संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है”। उन्होंने इसे सुचारू रूप से संचालित करने और वर्षा जल को संग्रहित कर भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!