Search
Close this search box.

बच्चों का भविष्य खा गया भ्रष्टाचार! 10 साल बाद भी अधूरा पड़ा प्राथमिक स्कूल भवन,कछारी माल में लाखों खर्च दिखाए गए, पर छत तक नहीं डली; ग्रामीणों ने तत्कालीन सचिव पर लगाए राशि बंदरबांट के आरोप्

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


डिंडोरी जिले के शहपुरा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत कछारी माल में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही और कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां लगभग 8 से 10 वर्ष पहले शुरू हुआ प्राथमिक स्कूल भवन निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका, जिससे गांव के बच्चों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार कछारी ग्राम में स्थित इस प्राथमिक स्कूल भवन का निर्माण कार्य तत्कालीन पंचायत सचिव बलराम सिंह सैयाम के कार्यकाल में शुरू किया गया था। उस समय ग्रामीणों और विद्यार्थियों में नए स्कूल भवन को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी भवन की छत तक नहीं डाली जा सकी और निर्माण कार्य अधूरा ही छोड़ दिया गया।

बताया जा रहा है कि स्कूल भवन निर्माण के नाम पर लाखों रुपये की राशि खर्च होना कागजों में दर्शाया गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि भवन आज भी अधूरा और जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। स्थिति यह है कि गांव के बच्चे आज भी नए स्कूल भवन में पढ़ने का सपना ही देख रहे हैं और मजबूरी में उन्हें पुराने या अस्थायी व्यवस्था में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन सचिव द्वारा निर्माण कार्य की राशि का बंदरबांट कर दिया गया, लेकिन आज तक इसकी कोई जांच नहीं हुई और पूरा मामला फाइलों में ही दबकर रह गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

अधूरा पड़ा यह भवन अब धीरे-धीरे खस्ताहाल और जर्जर स्थिति में पहुंचता जा रहा है, जिससे भविष्य में दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और स्कूल भवन निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि गांव के बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool
error: Content is protected !!