डिंडोरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया गांव में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गढ़ी निवासी मृतक पुष्पेंद्र सिंह सैयाम पिता रघुवीर सिंह सैयाम (उम्र 21 वर्ष) एवं घायल तिलक राज धुर्वे (उम्र 16 वर्ष) मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सलैया गांव के पास अचानक सड़क दुर्घटना हो गई। हादसा इतना भीषण था कि पुष्पेंद्र सिंह सैयाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तिलक राज धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शाहपुरा 112 डायल सेवा मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











