डिंडौरी, 23 अक्टूबर 2026
स्वामित्व योजना के अंतर्गत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 103 रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का कीर्तिमान स्थापित करने पर तहसील शहपुरा में पदस्थ पटवारी सतेंद्र तिवारी को एसडीएम शहपुरा फरहान इरफान जमादार ने सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम ने श्री तिवारी को फूलमाला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की। कार्यक्रम में तहसीलदार शहपुरा श्री राम प्रसाद मार्को उपस्थित रहे। एसडीएम फरहान इरफान जमादार ने कहा कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में अधिकारियों-कर्मचारियों की सक्रियता, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता एवं समर्पण महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि पटवारी सतेंद्र तिवारी का कार्य अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए स्वामित्व योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने का आह्वान किया।












