Search
Close this search box.

एकीकृत बालक माध्यमिक शाला बरगांव में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन ,  मुख्य अतिथि कीर्ति भीमशंकर साहू जनपद सदस्य की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण कर शिक्षा से जुड़ने का दिया संदेश

डिण्डौरी
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित “स्कूल चलें हम अभियान 2026-27” के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला डिण्डौरी की जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत एकीकृत बालक माध्यमिक शाला बरगांव में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी बच्चों को विद्यालय से जोड़ना, शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अभिभावकों को बच्चों की नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित करना रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश एवं विद्या की देवी मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत कर शाला प्रवेशोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम में जनपद सदस्य श्रीमती कीर्ति भीमशंकर साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि पत्रकार भीमशंकर साहू तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक ने की।
इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा मुख्य अतिथि द्वारा निःशुल्क पुस्तक योजना के तहत बच्चों को पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने और अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे बच्चों को निरंतर स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा में सहयोग करें।
विद्यालय परिवार ने “स्कूल चलें हम अभियान” के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह अभियान बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और ड्रॉपआउट रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक दीपनारायण साहू, माध्यमिक शिक्षक रामबिहारी साहू एवं अनिल कुमार साहू सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!