डिंडौरी : 27 अगस्त,2026
राजस्व कार्यों के निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, लंबित कार्यों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा निर्देशों के बावजूद संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने राजस्व अमले के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। संबंधित 9 राजस्व अधिकारी-कर्मचारियों की एक वार्षिक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।
गत 17 जुलाई 2026 को आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में ई-रजिस्ट्रेशन, आधार आरओआर, सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने, निर्धारित दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा स्थिति स्पष्ट करते हुए जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके उपरांत कार्यालय द्वारा 22 जुलाई 2026 को संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1965 के नियम-10 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई की जद में राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र मरकाम, हेमंत उईके, संजय मरकाम, सुखदेव सिंह भवेदी, बलसिंह बल्को, तीरथ प्रसाद संत तथा पटवारी संजय परस्ते, शैलेन्द्र मार्को एवं विजय नेताम शामिल हैं।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता एवं निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को राजस्व संबंधी कार्यों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।










