Search
Close this search box.

नगर व क्षेत्र में जगह-जगह  हर्षोल्लास के साथ मनाया महाशिवरात्रि पर्व,झरिया धर्मशाला में भव्य शिव मंदिर की स्थापना विधि विधान के साथ हुई प्राण प्रतिष्ठा,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहपुरा – नगर के उमरिया रोड स्थित झारिया धर्मशाला में झारिया मेहरा समाज द्वारा भव्य शिव मंदिर की स्थापना एवं भगवान शिव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा समारोहपूर्वक संपन्न कराई गई। धार्मिक आस्था और उल्लास के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं हवन के साथ हुई। विद्वान पंडितों के निर्देशन में विधि-विधान से भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की गई। मूर्ति स्थापना पूर्ण होते ही पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक तथा बेलपत्र अर्पित कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर धर्मशाला परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती रही और महिलाओं ने मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समाज के युवाओं और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। मूर्ति स्थापना के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के विभिन्न समाजों के लोगों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में सामाजिक सद्भाव और एकता का भी सुंदर उदाहरण देखने को मिला।


इसी के साथ महाशिवरात्रि का पर्व पूरे शहपुरा क्षेत्र में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। अमोल आश्रम, हलहाल धारा, कल्याण केंद्र सहित नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में दिनभर पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा। मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि झारिया धर्मशाला में शिव मंदिर की स्थापना से अब श्रद्धालुओं को नियमित पूजा-अर्चना के लिए स्थायी स्थल उपलब्ध होगा। भविष्य में यहां धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, समाजजनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उत्साह का विशेष वातावरण बना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool
error: Content is protected !!