शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा की ग्राम पंचायत रनगांव के पोषक ग्राम सूरजपुरा में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई है। गांव में नल-जल योजना का लाभ नहीं मिलने और पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिलने की समस्या को लेकर महिला एवं पुरुष ग्रामीण एकजुट होकर शहपुरा एसडीएम फरहान इरफान जमादार के समक्ष पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित होने के बावजूद सूरजपुरा के लोग इन सुविधाओं से वंचित हैं। गांव में नल-जल योजना का लाभ नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को दूर-दराज स्थित कुओं और नालों से पानी लाकर अपनी तथा अपने परिवार की जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गर्मी के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है तथा लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।
इसके साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को भी आवास का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे जरूरतमंद परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
SDM फरहान इरफान जमादार ने दिए कार्रवाई के निर्देश
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शहपुरा एसडीएम फरहान इरफान जमादार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर इसकी जानकारी देने तथा भविष्य में इस प्रकार की शिकायत दोबारा उनके समक्ष नहीं आने देने के निर्देश भी दिए।
अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सूरजपुरा में पेयजल और आवास से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण होगा तथा पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।












