’’डिंडोरी जिले ने 5वीं एवं 8वीं वार्षिक परीक्षा 2025-26 में किया गौरवपूर्ण प्रदर्शन,ब्लॉकवार परिणामों में शहपुरा विकासखण्ड ने प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


डिंडौरी : 25 मार्च, 2026
वर्ष 2025-26 की कक्षा 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं के जिला स्तरीय परिणामों में डिंडोरी जिले ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
कक्षा 5वीं में जिले के कुल 13,135 विद्यार्थियों में से 13,042 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिसके साथ जिले ने 99.29 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 8वीं में 11,640 विद्यार्थियों में से 11,493 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और 98.74 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
जिले की इस सफलता में विभिन्न विकासखण्डों की अहम भूमिका रही है। कक्षा 5वीं के ब्लॉकवार परिणामों में शाहपुरा विकासखण्ड ने प्रदेश में तृतीय स्थान तथा करंजिया विकासखण्ड ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 8वीं के परिणामों में डिंडोरी एवं समनापुर विकासखण्ड प्रदेश के शीर्ष 10 में स्थान बनाकर जिले का गौरव बढ़ाने में सफल रहे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल एवं अकादमिक परियोजना समन्वयक अमित गौलिया के नेतृत्व में शैक्षणिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया गया।
यह उपलब्धि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है। शिक्षकों के नियमित अध्यापन, विद्यार्थियों की मेहनत और लगन से यह सफलता संभव हो सकी है। साथ ही, सभी विकासखण्ड स्रोत समन्वयकों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के सहयोग से यह उपलब्धि प्राप्त हुई है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कक्षा 5वीं एवं 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं में मध्यप्रदेश स्तर पर द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने पर सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे निरंतर अध्ययन करते हुए आगे बढ़ें और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों की शिक्षा एवं विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

सवर्ण समाज की जिला स्तरीय बैठक में गूंजा समानता और न्याय का स्वर,आरक्षण, यूजीसी एवं एससी-एसटी कानून की समीक्षा पर हुआ मंथन , 22 सितंबर को डिंडोरी में विशाल रैली, राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

सवर्ण समाज की जिला स्तरीय बैठक में गूंजा समानता और न्याय का स्वर,आरक्षण, यूजीसी एवं एससी-एसटी कानून की समीक्षा पर हुआ मंथन , 22 सितंबर को डिंडोरी में विशाल रैली, राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

error: Content is protected !!