डिंडोरी |
शहपुरा नगर परिषद एक बार फिर अपनी बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सुर्खियों में है। वार्ड क्रमांक 4 स्थित शिव शक्ति चौक मोहल्ले में इन दिनों पानी की गंभीर समस्या ने नगरवासियों का जीना मुश्किल कर दिया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि गर्मी की शुरुआत होते ही यह स्थिति बन गई है, जिससे आने वाले दिनों में संकट और भी विकराल होने की आशंका जताई जा रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर वार्डवासियों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह लोग पानी के लिए परेशान हैं और नल-जल योजना पूरी तरह फेल नजर आ रही है।
नगरवासियों का कहना है कि नगर में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो कोई स्थायी समाधान किया जा रहा है और न ही स्थिति सुधारने के प्रयास नजर आ रहे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब अभी से यह हाल है, तो भीषण गर्मी के दिनों में नगरवासियों को किन हालातों का सामना करना पड़ेगा?
फिलहाल नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं और लोग जल्द से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।











