शहपुरा – डिंडोरी जिले के शहपुरा क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम शहपुरा ने बुधवार को उमरिया रोड स्थित शराब दुकान का औचक निरीक्षण किया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित शराब दुकान बिना वैध वर्क ऑर्डर के संचालित की जा रही थी, जो नियमों का खुला उल्लंघन है। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से दुकान को करवाया। मौके पर ही पंचनामा तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अन्य शराब दुकानदारों में भी खौफ का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से इस प्रकार की अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन अब जाकर ठोस कदम उठाया गया है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित विभाग को भी निर्देश दिए हैं कि सभी शराब दुकानों की जांच कर वैध दस्तावेजों की पुष्टि सुनिश्चित की जाए।इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि प्रशासन अब पूरी तरह सख्त मोड में है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।












