Search
Close this search box.

कलेक्टर ने अशासकीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक ली, फीस वसूली पर सख्त निर्देश,किसी विशेष दुकान से पुस्तकें, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


डिंडौरी : 06 अप्रैल,2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में अशासकीय हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त सीबीएसई, आईसीएसई, एमपी बोर्ड एवं अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों की नवीन मान्यता, अपग्रेडेशन एवं वर्ष 2027-28 के लिए नवीनीकरण से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर मदर टेरेसा स्कूल, सेंट एंजिल पब्लिक स्कूल, मां सरस्वती ज्ञान एकेडमी, दुरबीन धीरज हायर सेकेण्डरी स्कूल धमनी, बिरासनी शिशु विद्या मंदिर गाड़ासरई, हायर सेकेण्डरी जेडीईएस जुनवानी, महर्षि एंजिलो, बनवासी सेवा मंडल, सरस्वती हायर सेकेण्डरी स्कूल, एंजल पब्लिक स्कूल, नर्मदा हायर सेकेण्डरी स्कूल एवं नर्मदांचल विद्यादीप सहित अन्य विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विद्यालय शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक फीस अभिभावकों से न वसूले। यदि किसी विद्यालय द्वारा अधिक शुल्क लिया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी विद्यालय प्रबंधन को शासन के नियमों के पालन संबंधी शपथ पत्र एजुकेशनल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल 10 माह के संचालन के अनुसार ही शुल्क लें तथा किसी भी प्रकार की मनमानी फीस वसूली न करें। साथ ही विद्यार्थियों के आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रूप से संकलित कर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।
कलेक्टर ने निजी विद्यालयों में वाहन संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चालक शासन के नियमों के अनुरूप योग्य हों तथा सभी निर्देशों का पालन करते हुए ही वाहन संचालित किए जाएं।
इसके साथ ही विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि वे किसी भी छात्र-छात्रा को किसी विशेष दुकान से पुस्तकें, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए, बल्कि उन्हें स्वतंत्र रूप से खरीदने की सुविधा प्रदान करें।
उन्होंने प्रत्येक अशासकीय विद्यालय में बाल सुरक्षा समिति एवं पॉक्सो समिति का गठन अनिवार्य करने के निर्देश दिए, जिसमें अभिभावक, विशेषज्ञ एवं शिक्षक शामिल हों। साथ ही विद्यालयों के मुख्य द्वार पर बाल सुरक्षा, यौन शोषण से संरक्षण एवं राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के दिशा-निर्देशों से संबंधित फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए गए।
साथ ही सभी विद्यालयों में योग्य एवं पात्र शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने, लाइब्रेरी, खेल मैदान, शैक्षणिक एवं साहसिक गतिविधियों के नियमित संचालन पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीसी, एडीपीसी  प्रवीण तिवारी, बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz Open / Ai Website / Ai Tool
error: Content is protected !!