डिंडौरी : 06 अप्रैल,2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को पात्र किसानों की सूची तैयार कर आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने हेतु जनपद पंचायतों एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को नियमित निरीक्षण कर समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक ग्राम में बैनर एवं चौपाल के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं शपथ दिलाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को अग्निवीर भर्ती योजना के अंतर्गत 10 अपै्रल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया संचालित होने की जानकारी दी गई और पात्र अभ्यर्थियों की आयु 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष आयु के अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कलेक्टर ने जिले के युवा-युवतियों से अपील की है कि जो छात्र-छात्राएं 10वी, 12वीं पास कर चुके हैं और आर्मी सेना में जाने की इच्छुक हों वह सभी युवा-युवती निर्धारित समय सीमा के अन्दर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रमों की तिथियां भी घोषित की गईं 20 अप्रैल 2026 को बजाग, 28 अप्रैल 2026 को डिंडौरी, 7 मई 2026 को शहपुरा तथा 14 मई 2026 को अमरपुर में आयोजन किया जाएगा। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को टाइम लिमिट जन अकांक्षा पोर्टल पर अपलोड प्रकरणों को दो दिवस के अन्दर निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि आरटीओ विभाग के द्वारा बिना टैक्स जमा किए चलने वाली बसों को रोककर विधिवत कार्यवाही कर थाना स्तर पर गाडियों को जब्त किया जाए। टैक्स जमा करने के उपरांत ही उन्हें छोड़ा जाए। कलेक्टर ने कृषि विभाग अधिकारी, एनआरएलएम, नगर पालिका, अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सब्जी मंडी में नियमित रूप से जैविक स्थानीय उत्पादों की दुकानें नियमित रूप से प्रत्येक रविवार को लगाईं जाएं।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आई-गोट पोर्टल पर प्रत्येक अधिकारी को कम से कम चार घंटे ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त करना है।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरण, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, सीपी ग्राम, पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई, नगरीय निर्माण कार्यों की प्रगति एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम, फौती नामांतरण, फार्मर रजिस्ट्री एवं राजस्व वसूली के लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।











