डिंडोरी।
जिले में गर्मी का असर बढ़ते ही जल संकट गहराने लगा है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए आधी रात में उठकर मशक्कत करनी पड़ रही है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
विकासखंड मेहदवानी की ग्राम पंचायत जड़गुड़ा से आए ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर खाली बर्तन लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए बताया कि गांव में पीने के पानी की भारी किल्लत है।
ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें रात के समय ही पानी के लिए लाइन लगानी पड़ती है। कई बार घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता, और जो पानी मिलता है वह भी साफ नहीं होता। मजबूरी में लोग कुओं और नालों का सहारा ले रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उनके गांव में अब तक नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए और नल-जल योजना को लागू किया जाए, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।











