Search
Close this search box.

खुशबू साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या ,मृतका के मायके पक्ष ने पति सास-ससुर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डिंडौरी। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 5 में एक 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से सनसनी फैल गई। शादी के महज ढाई महीने बाद हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

मृतका के मायके पक्ष ने सास-ससुर पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
डिंडौरी नगर के वार्ड क्रमांक 5 में रहने वाली 23 वर्षीय खुश्बू साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया जब मृतका के मायके पक्ष ने खुश्बू के सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। परिजनों के अनुसार सोमवार शाम ससुराल पक्ष से फोन आया कि खुश्बू की तबीयत खराब है। सूचना मिलते ही खुश्बू के माता-पिता और भाई लालपुर से तत्काल डिंडौरी पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। बेटी की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के बड़े पिता ने बताया कि खुश्बू साहू का विवाह 6 मई 2026 को डिंडौरी निवासी अंकित साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। उन्होंने बताया कि शनिवार को ही खुश्बू को लेकर उसका पति अपने साथ ससुराल लेकर आया था। लेकिन दो दिन बाद ही उसकी मौत की खबर मिलने से पूरा परिवार सदमे में है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी डिंडौरी सतीश द्विवेदी और तहसीलदार जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज करवाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं नवविवाहिता को मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित तो नहीं किया जा रहा था। वहीं यदि जांच में विवाह के सात वर्ष के भीतर मृत्यु और प्रताड़ना से जुड़े तथ्य सामने आते हैं तो मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!