Search
Close this search box.

सभी अधिकारी फील्ड में निकलें, कार्यालय में बैठने से कार्य नहीं होगाः कलेक्टर,सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें: कलेक्टर

डिंडौरी, 05 सितंबर 2026 कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से संबंधित लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर  जेपी यादव, एसडीएम शहपुरा जामदार फरहान इरफान, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, संयुक्त कलेक्टर  पुष्पेन्द्र अहके, एसडीएम डिंडौरी  रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित करें तथा उनकी संतुष्टि के साथ शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविरों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए निर्देश दिए कि शिविरों के आयोजन से पूर्व संबंधित विभाग अपने लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही शिविरों के दौरान साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित टीमें क्षेत्र में जाकर आमजन से संवाद करें और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं का मौके पर मुआयना करें। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर प्राप्त समस्याओं को संबंधित विभागों के समन्वय से चिन्हित कर उनके निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को राहत एवं शासन की सेवाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर शासन की योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभिन्न कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति का जायजा लें। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव नहीं है। अधिकारी मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर आमजन से सीधे संवाद करें, उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझें तथा मौके पर ही संबंधित विभागों के समन्वय से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं एवं विकास कार्यों का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने ’’समग्र ई-केवायसी कार्य की विकासखंडवार समीक्षा’’ निरंतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी धान खरीदी के लिए किसानों का पंजीयन किया जाना है, जिसके लिए गिरदावरी का कार्य पूर्ण होना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गिरदावरी कार्य में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!