डिंडौरी, 08 सितंबर 2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में विकासखंड समनापुर के ग्राम पंचायत फिटारी के पोषक ग्राम रंजरा के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के तहत ग्राम के सभी मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाकर पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम मानिकपुर निवासी श्रीमती लीला बाई ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पिता की मृत्यु के बाद उनकी पैतृक संपत्ति का उनके बिना जानकारी के फौती नामांतरण किया गया है। उन्होंने पुनः फौती नामांतरण कराकर भूमि में अपने हक एवं हिस्से का अधिकार दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वार्ड क्रमांक 4 निवासी श्रीमती कौशिल्या कांस्कार ने आवेदन प्रस्तुत कर अनावेदिका प्रीति कांस्कार द्वारा उनके पट्टे की भूमि पर बने मकान पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर परिषद डिंडौरी को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं विकासखंड मेंहदवानी के भर्रा टोला आंगनवाड़ी केंद्र में सहायिका का पद रिक्त होने पर आवेदिका कविता बाई मरावी ने सहायिका पद पर नियुक्ति की मांग की। कलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि ’’जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।’’ उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका परीक्षण करें और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
जनसुनवाई में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के साथ नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां भी प्रदान कीं।







