जन-विश्वास अभियान ने बढ़ाया ग्रामीणों का भरोसा, शिविर में पात्र हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
संवेदनशील कलेक्टर : बच्चों को जूते पहनाकर दिया शिक्षा और नियमित विद्यालय आने का संदेश
डिंडौरी, 11 सितंबर 2026 मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत शहपुरा के ग्राम गुतलवाह में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के तहत स्वीकृत हितलाभ एवं सहायता राशि का वितरण किया गया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं डीएफओ अशोक कुमार सोलंकी ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से संवाद किया। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 4 हितग्राहियों को सामूहिक रूप से 5 लाख 72 हजार रुपये का लाभ प्रदान किया गया। उद्यानिकी विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना एवं समूह ऋण के माध्यम से स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों के लिए 14 लाख 96 हजार रुपये की सहायता दी गई। आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों को 51 लाख रुपये का वितरण किया गया। जनपद शिक्षा केन्द्र द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल प्रदान की गई। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री निःशुल्क स्कूटी प्रदाय योजना के तहत 2 छात्राओं को 1 लाख 80 हजार रुपये तथा लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए। प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण स्वरोजगार योजना के तहत हितग्राहियों को 4 लाख 88 हजार रुपये से लाभान्वित किया गया।
इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संबल योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), दिव्यांग पेंशन एवं कल्याणी पेंशन के हितग्राहियों को सहायता उपलब्ध कराई गई। नगर परिषद शहपुरा द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के तहत 1 लाख 90 हजार रुपये तथा आरबीसी-6(4) के प्रकरणों में 8 लाख 32 हजार रुपये की राहत राशि स्वीकृत की गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए तथा जिन आवेदनों का निराकरण शिविर में नहीं हो सका है, उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को अपने हाथों से जूते पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक जिले के विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का निराकरण एवं पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकासखंड शहपुरा में 204 सड़कों को चिन्हित किया गया है, जिनका सर्वे कर योजना के माध्यम से निर्माण कार्य कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के 84 विद्यालयों के कक्षा 12वीं के 962 मेधावी छात्र-छात्राओं को 25-25 हजार रुपये की राशि, कुल 2 करोड़ 40 लाख 50 हजार रुपये, लैपटॉप के लिए वितरित की गई है।
शिविर में जनपद अध्य्क्ष प्रियंका आर्मो , पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, डीएफओ अशोक सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम शहपुरा जामदार फरहान इरफान,सीईओ गणेश पांडे, एसडीओ वन सुनील असोक, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।










