12 से 17 अक्टूबर तक विकासखंडवार लगेंगे शिविर, मेडिकल बोर्ड के माध्यम से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की भी मिलेगी सुविधा
डिंडौरी, 09 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए एडिप एवं वयोश्री योजना के तहत निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र हितग्राहियों का परीक्षण एवं पंजीयन किया जाएगा। साथ ही, नवीन दिव्यांगता प्रमाण पत्र से वंचित दिव्यांगजनों के लिए मेडिकल बोर्ड के माध्यम से चिकित्सकीय जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार व्हीलचेयर, बैसाखी/क्रच, श्रवण यंत्र, सामान्य स्टिक, ब्लाइंड स्टिक, बैटरी मोटराइज्ड कैलिपर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी। इससे दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेज
शिविर में पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों ने पिछले तीन वर्षों में संबंधित सहायक उपकरण का लाभ प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। बैटरी मोटराइज्ड कैलिपर के लिए पांच वर्ष पूर्व लाभ प्राप्त कर चुके हितग्राही पात्र होंगे। दिव्यांगजनों को बीपीएल कार्ड अथवा आय प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड एवं फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। सहायक उपकरणों का लाभ शासन की एडिप एवं वयोश्री योजनाओं के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रदान किया जाएगा।
विकासखंडवार शिविर कार्यक्रम 12 अक्टूबर 2026 सोमवार को जनपद पंचायत करंजिया, 13 अक्टूबर 2026 मंगलवार जनपद पंचायत बजाग, 14 अक्टूबर 2026 बुधवार जिला चिकित्सालय डिंडौरी, 15 अक्टूबर 2026 गुरुवार जनपद पंचायत समनापुर, 16 अक्टूबर 2026 शुक्रवार जनपद पंचायत मेंहदवानी एवं 17 अक्टूबर 2026 शनिवार जनपद पंचायत शहपुरा में दोपहर 12:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जिले के पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपना पंजीयन एवं परीक्षण कराएं। साथ ही, नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने आसपास के पात्र हितग्राहियों को भी शिविरों की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।










