डिंडौरी, 18 नवंबर 2026 जिले में मैरिज गार्डन, मैरिज लॉन, मैरिज हॉल एवं कैटरिंग प्रतिष्ठानों में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सख्ती बरतने के निर्देश जारी किए हैं। ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन से प्राप्त पत्राचार एवं निर्देशों के आधार पर जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पत्र जारी किया गया है। जारी निर्देशों के अनुसार, संबंधित प्रतिष्ठानों में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के उपयोग को लेकर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है। विभागीय अधिकारियों की टीमें मैरिज गार्डन, मैरिज हॉल एवं कैटरिंग प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर गैस सिलेंडरों के उपयोग तथा सुरक्षा मानकों की जांच करेंगी। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग अथवा अन्य अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। विभाग की इस पहल का उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा गैस रिसाव एवं आगजनी जैसी संभावित दुर्घटनाओं से जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है। खाद्य विभाग ने जिले के सभी संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से निर्धारित नियमों का पालन करने और व्यावसायिक कार्यों में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग सुनिश्चित करने की अपील की है।












