गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा शहपुरा, भक्तों ने दी भावभीनी विदाई,शहपुरा सहित ग्रामीण अंचलों में धूमधाम से निकली विसर्जन यात्रा, नदी-तालाबों में किया गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहपुरा – शनिवार को डिंडौरी जिले के शहपुरा नगर सहित ग्रामीण अंचलों में गणेश उत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह नजर आया। गणेश प्रतिमाओं को बस्ती भ्रमण कराया गया, जिसके बाद ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच विसर्जन यात्रा निकाली गई।विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग गणपति बप्पा की भक्ति में सराबोर नजर आए। जुलूस के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए गणेश प्रतिमाओं को लेकर नदी और तालाबों की ओर रवाना हुए।

विसर्जन स्थल पर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद विधि-विधान और श्रद्धा के साथ गणेश प्रतिमाओं का नदी एवं तालाबों में विसर्जन किया गया।गणपति बप्पा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली। प्रतिमा विसर्जन के साथ ही गणेश उत्सव का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से गणपति बप्पा के आगमन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। प्रतिमा का विसर्जन हुआ, लेकिन भक्तों के मन में गणपति बप्पा के प्रति आस्था और भक्ति का भाव बना रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!