पुलिया पर खड़ी बाइक को टक्कर मारने के बाद हुआ हादसा,मुंडन कराने अमरकंटक जा रहे ग्रामीणों की पिकअप पलटी, 9 घायल: महिला का पैर टूटा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

,
डिंडोरी। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह जेल बिल्डिंग के पास पुलिया पर ग्रामीणों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला का पैर टूट गया, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। सभी नौ घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराया।
दो पिकअप में सवार होकर निकले थे ग्रामीण
घायल सीमा बाई ने बताया कि मंडला जिले के मोहगांव थाना क्षेत्र के खाल्हे गिठौरी गांव से करीब 20 ग्रामीण दो पिकअप वाहनों में सवार होकर अमरकंटक जा रहे थे। वहां नर्मदा नदी के उद्गम स्थल पर बच्चे का मुंडन संस्कार कराना था। सभी मंगलवार सुबह करीब 5 बजे गांव से निकले थे। डिंडोरी से कुछ दूरी पर एमपी 20 टीए 0553 नंबर की पिकअप जेल बिल्डिंग के पास पुलिया पर पहुंची। यहां खड़ी बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप पलट गई।


महिला के पैर में फ्रैक्चर, अन्य को भी चोटें
हादसे में मुन्नी बाई का पैर टूट गया है। वहीं रुक्मणि नंदा, सीमा बाई, फूलकली, बुद्ध विश्वकर्मा, इंद्र कुमार, फागूलाल विश्वकर्मा और तिलक दास बैरागी को सिर और पैर में चोटें आई हैं। एएसआई शेख सिराज ने बताया कि एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!