शहपुरा। वन परिक्षेत्र शहपुरा सामान्य के अंतर्गत वन विभाग ने वन्यजीव अपराध के मामले में कार्रवाई करते हुए ग्राम गपैया से तेंदुए की खाल बरामद की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने बीट सिल्ठार के ग्राम गपैया में दबिश दी, जहां एक व्यक्ति के कब्जे से तेंदुए की खाल बरामद की गई।
मामले में एसडीओ सुनील असोक ने बताया की वन विभाग ने करीब 70 वर्षीय नन्हू पिता मोतीलाल, निवासी ग्राम गपैया को गिरफ्तार किया है। खाल बरामद होने के बाद विभाग ने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेंदुए की खाल आरोपी के पास कहां से आई और इस वन्यजीव अपराध में अन्य लोगों की भी कोई भूमिका है या नहीं।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध वन्यजीव व्यापार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।











