गपैया में तेंदुए की खाल के बाद अब सरसवाही में मिली खोपड़ी, एक और आरोपी गिरफ्तार,पांच साल पहले सरसवाही गांव में ही किया गया था तेंदुए का शिकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहडोल से बुलाई गई डॉग स्क्वॉड टीम की मदद से हुआ खुलासा

शहपुरा। शहपुरा वन परिक्षेत्र में तेंदुए के शिकार का मामला लगातार नए खुलासों के साथ सामने आ रहा है। ग्राम गपैया में तेंदुए की खाल बरामद होने के बाद अब ग्राम सरसवाही से तेंदुए की खोपड़ी बरामद की गई है। वन विभाग ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि तेंदुए का शिकार करीब पांच वर्ष पहले सरसवाही गांव में ही किया गया था। इस खुलासे के बाद वन विभाग की जांच का दायरा और बढ़ गया है।

जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र शहपुरा सामान्य के अंतर्गत बीट सिल्ठार के ग्राम गपैया में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने दबिश दी थी। इस दौरान करीब 70 वर्षीय नन्हू पिता मोतीलाल के कब्जे से तेंदुए की खाल बरामद की गई थी। वन विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद से ही विभाग इस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटा हुआ था।

शहडोल की डॉग स्क्वॉड टीम ने खोजी अहम कड़ी

जांच को आगे बढ़ाते हुए वन विभाग ने शहडोल से डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाई। टीम की सहायता से ग्राम सरसवाही निवासी विश्वनाथ पिता सेम सिंह, उम्र 58 वर्ष, के पास से तेंदुए की खोपड़ी बरामद की गई। इसके साथ ही मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। वन विभाग के आईएफएस अधिकारी शशि कुमार ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि डॉग स्क्वॉड की मदद से खोपड़ी बरामद की गई है। साथ ही बताया किबभी जांच जारी है पूरे मामले का खुलासा जांच के बाद होगा।

पांच साल पुराना शिकार, अब सामने आई कहानी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि करीब पांच वर्ष पहले सरसवाही गांव में तेंदुए का शिकार किया गया था। ऐसे में गपैया से खाल और सरसवाही से खोपड़ी मिलने के बाद वन विभाग के सामने इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने की चुनौती है।

फिलहाल वन विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि तेंदुए के शिकार में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा वन्यजीव के अवशेष किन परिस्थितियों में अलग-अलग स्थानों पर पहुंचे। अब जांच के अगले चरण में और भी खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!