तीन अलग-अलग वारदातों में करीब 400-400 मीटर केबल तार चोरी, पूछताछ जारी; अन्य लोगों के शामिल होने की भी आशंका
डिंडोरी । जनजातीय कल्याण केंद्र बरगांव में चोरी की तीन घटनाओं का मामला सामने आया है। यहां चोरों ने तीन अलग-अलग बार वारदात को अंजाम देते हुए करीब 400 मीटर केबल तार चोरी कर लिया। लगातार हुई इन घटनाओं से केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को पकड़ लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी की इन घटनाओं में पकड़े गए आरोपियों के अलावा अन्य लोगों के भी शामिल होने की आशंका है।
फिलहाल शहपुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की तीनों वारदातों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच आगे बढ़ने के साथ ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।











