32 लाख के प्रयोगशाला भवन में गुणवत्ता से समझौते का आरोप,एसडीओ, इंजीनियर की निगरानी पर सवाल,मामला बरगांव के हायर सेकंडरी स्कूल में बन रहे प्रयोगशाला भवन का

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरगांव हायर सेकंडरी स्कूल में घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल के आरोप , मौके पर निरीक्षण के बजाय उपयंत्री पर जिम्मेदारी डाल रहे एसडीओ

शहपुरा– सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिन इंजीनियरों के कंधों पर है, उन्हीं की निरीक्षण कार्यप्रणाली अब सवालों के घेरे में नजर आ रही है। शहपुरा विकासखंड के बरगांव स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल में लगभग 32 लाख रुपये की लागत से बन रहे प्रयोगशाला भवन के निर्माण में कथित तौर पर घटिया निर्माण सामग्री और डस्ट का उपयोग किए जाने के आरोप सामने आए हैं। निर्माण स्थल पर न तो गुणवत्ता का भरोसा दिखाई दे रहा है और न ही योजना एवं स्वीकृत राशि की जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड नजर आ रहा है। उक्त कार्य की एजेंसी RES विभाग है।

निर्माण सामग्री पर सवाल, इंजीनियरिंग निगरानी कहां?

स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि भवन निर्माण में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। यदि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? क्या निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है या फिर इंजीनियरों की निगरानी केवल कागजों तक सीमित है? लगभग 32 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस भवन में यदि शुरुआत से ही गुणवत्ता के साथ समझौता किया जा रहा है तो भविष्य में इसकी मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

योजना बोर्ड तक नहीं लगवा सके जिम्मेदार इंजीनियर!

निर्माण स्थल पर योजना का नाम, स्वीकृत लागत, निर्माण एजेंसी और कार्य पूर्ण होने की समय-सीमा दर्शाने वाला सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। यह स्थिति निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है। आखिर संबंधित इंजीनियर ने निर्माण प्रारंभ होने के बाद भी सूचना बोर्ड लगवाना सुनिश्चित क्यों नहीं किया? क्या विभागीय अधिकारियों ने इस ओर ध्यान देना जरूरी नहीं समझा?

एसडीओ को योजना बोर्ड और योजना पत्थर का अंतर तक नहीं!

मामले में जब आरईएस के एसडीओ सुनील असाटी से निर्माण की गुणवत्ता और सूचना बोर्ड को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने उपयंत्री विकास खरे से बात करने की सलाह दी। इतना ही नहीं, योजना बोर्ड के सवाल पर उन्होंने कहा कि पत्थर बनकर तैयार है, बस लगवाना है। एसडीओ का यह जवाब कई सवाल खड़े करता है। निर्माण स्थल पर लगने वाले सूचना बोर्ड और योजना संबंधी पत्थर की जानकारी को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं मिलना विभागीय जिम्मेदारी और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। सवाल यह भी है कि जब निर्माण कार्य की निगरानी एसडीओ स्तर से होनी है तो क्या उन्हें मौके की वास्तविक स्थिति की जानकारी तक नहीं है?

उपयंत्री बोले- मौके पर जाकर देखूंगा

वहीं, जब उपयंत्री विकास खरे से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और निरीक्षण को लेकर चर्चा की गई तो उन्होंने मौके पर जाकर पूरे मामले को देखने की बात कही। अब सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य पहले से जारी है तो संबंधित उपयंत्री द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा था या शिकायत सामने आने के बाद ही मौके पर पहुंचने की तैयारी की जा रही है?

जांच होगी या गुणवत्ता के सवाल फाइलों में दब जाएंगे?

क्षेत्रवासियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, इस्तेमाल की जा रही सामग्री के सैंपल लेकर गुणवत्ता परीक्षण कराने और जिम्मेदार इंजीनियरों की निरीक्षण कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग की है। अब देखना होगा कि विभागीय अधिकारी वास्तव में मौके पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता की जांच करते हैं या फिर अन्य सरकारी निर्माण कार्यों की तरह यह मामला भी आश्वासन तक सीमित रह जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!