जनजाति कल्याण केंद्र बरगांव में 29 नवंबर को लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं दिव्यांग शिविर, जिला पंचायत सीईओ और एसडीएम शहपुरा ने किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहपुरा। जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव में 29 नवंबर 2026, रविवार को विशाल निःशुल्क चिकित्सा एवं दिव्यांग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों का जायजा लेने जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी एवं एसडीएम शहपुरा फरहान इरफान ने शिविर स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

शिविर में दिल्ली, भोपाल एवं जबलपुर से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पहुंचकर मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। शिविर में कान, नाक, गला, अस्थि रोग, महिला स्वास्थ्य, न्यूरोलॉजी, हृदय रोग, दंत चिकित्सा, त्वचा रोग, किडनी, लीवर, पथरी एवं गैस जैसी बीमारियों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही मधुमेह की जांच, सोनोग्राफी, एक्स-रे एवं नेत्र परीक्षण कर निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए जाएंगे।

शिविर का विशेष आकर्षण दिव्यांगजनों के लिए प्रमाण पत्र एवं सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था रहेगी। मौके पर मोबाइल कोर्ट के माध्यम से दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा मेडिकल बोर्ड द्वारा विभिन्न प्रकार के दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

शिविर का आयोजन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनजातीय कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव में होगा। आयोजकों ने क्षेत्र के नागरिकों, मरीजों एवं दिव्यांगजनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!