नर्मदांचल विद्यापीठ बरगांव में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. श्रीकृष्ण बिलैया एवं झामसिंह एवं अखिलेश सेन प्राचार्य सुरभि पांडे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे दीप प्रज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ किया गया। तत्पश्चात राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाए और “भारत माता की जय” के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:30 बजे हुआ। विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। इसके साथ ही विभिन्न देशभक्ति गीतों एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और कई भावुक क्षण भी देखने को मिले।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र से आए गणमान्य नागरिक एवं परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण देशभक्ति एवं उत्साह से सराबोर हो गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को 15 अगस्त एवं स्वतंत्रता दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा उन्हें देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रप्रेम एवं उत्साह से ओत-प्रोत इस भव्य कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।











