आवेदकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं पत्रकारों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
डिंडौरी : 11 अगस्त,2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की जांच कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में ग्राम पंचायत मोहनझिर निवासी जीता सिंह बैगा ने बंदोबस्त में भूमि का रकबा कम दर्ज होने की शिकायत प्रस्तुत करते हुए त्रुटि सुधार की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम डिंडौरी को प्रकरण का निरीक्षण कर नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए। वहीं श्रीमती भागवती बाई ने पति की मृत्यु के बाद अग्नि संस्कार एवं बीमा राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत रखी, जिस पर सीईओ जनपद पंचायत शहपुरा को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। ग्राम पंडानटोला रैतवार निवासी श्री नरोत्तम सिंह ने आकाशीय बिजली से पुत्र की मृत्यु के बाद स्वीकृत 4 लाख रुपये की सहायता राशि का भुगतान नहीं होने की समस्या बताई। कलेक्टर ने एसडीएम बजाग को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
विकासखंड शहपुरा के ग्राम रनगांव के ग्रामीण कृषकों ने बिलगढ़ा जलाशय के माइनर क्रमांक-2 की कैनाल के जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग को स्थल निरीक्षण कर कैनाल की मरम्मत एवं समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करते हुए आवेदकों को राहत प्रदान करें।
जनसुनवाई में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने स्वयं स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। इसके उपरांत जनसुनवाई में उपस्थित आवेदकों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं पत्रकार बंधुओं का रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जांच के साथ आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।










