शहपुरा– जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन समर कैंप के पांचवें दिवस पर विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर अंग्रेजी माध्यम बालिका छात्रावास एवं आश्रम शाला की छात्राओं के लिए विशेष बर्ड वाचिंग (पक्षी दर्शन) कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बाल्यकाल से ही जैव विविधता संरक्षण तथा सभी जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण का भाव विकसित करना था।
समी ईको क्लब प्रभारी अश्विनी साहू के निर्देशन में छात्राओं को स्थानीय कशहा नदी तट स्थित कुटी के आम बगीचे का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को नजदीक से देखा और उनकी मधुर चहचहाहट का आनंद लिया। पक्षी दर्शन के दौरान इंडियन ग्रे होर्नबिल धनेश पक्षी छात्राओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
भ्रमण में शामिल छात्राओं ने तोता, गौरैया, बगुला, कोयल, टेलर बर्ड, कौआ, ग्रीन बी-ईटर सहित अनेक पक्षियों का अवलोकन किया। छात्रा महिमा धुर्वे को होर्नबिल पक्षी सबसे अधिक पसंद आया, जबकि पूर्णिमा परस्ते को कोयल की मधुर आवाज और सुंदरता ने आकर्षित किया। पक्षियों को देखकर और उनकी आवाज सुनकर सभी छात्राएं उत्साहित एवं आनंदित नजर आईं।
समर कैंप के दौरान छात्रावास अधीक्षक रेखा गौलिया, अश्विनी साहू समी ईको क्लब प्रभारी विकासखंड सक्षम कार्यक्रम एवं समर कैंप प्रभारी उमेश कुमार वर्मा तथा अतिथि शिक्षक प्रवीण विश्वकर्मा ने उपस्थित रहकर छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर हॉस्टल वार्डन ,शिक्षक अश्विनी साहू, समर कैंप प्रभारी उमेश कुमार वर्मा, अतिथि शिक्षक प्रवीण विश्वकर्मा सहित हॉस्टल सहायक एवं अन्य सहयोगी कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को जैव विविधता के महत्व एवं पक्षियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।











