शहपुरा। दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस के साथ ही नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। धनतेरस के शुभ अवसर पर लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।
सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। बर्तन, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक एवं वाहन शोरूम सहित विभिन्न दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया।
धनतेरस के अवसर पर भगवान धन्वंतरि एवं माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई। मान्यता है कि धनतेरस पर खरीदारी करना शुभ और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
नगर में धनतेरस को लेकर दिनभर रौनक बनी रही और बाजारों में दीपावली की खुशियां साफ नजर आईं।











