Search
Close this search box.

विद्युत विभाग की लापरवाही से ग्रामीण परेशान,मानिकपुर फीडर में महीनों से लो-वोल्टेज की समस्या, भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहपुरा – शहपुरा विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा इन दिनों मानिकपुर फीडर से जुड़े ग्रामीण भुगत रहे हैं। टिकरिया, पड़रिया, रयपुरा सहित कई गांवों में पिछले कई महीनों से लगातार कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बाद भी विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
भीषण गर्मी के दौर में ग्रामीणों के घरों में लगे कूलर और पंखे केवल नाम मात्र के चल रहे हैं। कई घरों में बल्ब तक ठीक से नहीं जल पा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली का वोल्टेज इतना कम रहता है कि घरेलू उपकरण लोड नहीं उठा पा रहे हैं, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शाहपुरा विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया। लगातार खराब बिजली व्यवस्था से लोगों में भारी आक्रोश है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम होते ही स्थिति और गंभीर हो जाती है। कम वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्ग और महिलाएं गर्मी से परेशान हैं। कई जगह मोटर पंप भी सही ढंग से नहीं चल पा रहे, जिससे पानी की समस्या भी बढ़ने लगी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग समय पर मेंटेनेंस और तकनीकी सुधार नहीं कर रहा है। यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने मांग की है कि मानिकपुर फीडर की तत्काल जांच कर ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि एवं लाइन सुधार कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!