डिंडौरी : 29 मई,2026
जिले में किसानों को समय पर एवं सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अब ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से ही खाद वितरण किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है, जिससे किसानों को लाइन में लगने और अनावश्यक परेशानियों से राहत मिलेगी।
किसान अब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ई-टोकन बुक कर निर्धारित तिथि एवं समय पर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। बिना ई-टोकन के उर्वरक वितरण नहीं किया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य उर्वरक वितरण में पारदर्शिता बनाए रखना तथा किसानों को उनकी आवश्यकता अनुसार समय पर खाद उपलब्ध कराना है।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फार्मर आईडी एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ ई-विकास पोर्टल पर पंजीयन कराएं। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, वे शीघ्र ही संबंधित विभाग से संपर्क कर आईडी बनवाएं। सिकमी एवं बटाईदार किसान भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीयन कर ई-टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों एवं उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से भी किसानों को ई-टोकन प्रणाली की जानकारी दी जा रही है। किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए समय से ई-टोकन बुक करें, ताकि खरीफ सीजन में उर्वरक की उपलब्धता सुचारु रूप से बनी रहे।











