शहपुरा। नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यार्थी के नाम से एक-एक पौधा लगाया गया तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी उसी विद्यार्थी को सौंपी गई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे अपने पौधों को नियमित रूप से पानी देंगे, उनकी सुरक्षा करेंगे तथा पेड़ों को कटने से बचाने के लिए सदैव जागरूक रहेंगे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा यह भी घोषणा की गई कि शैक्षणिक सत्र के अंत में जिस विद्यार्थी का पौधा सबसे स्वस्थ एवं सुरक्षित पाया जाएगा, उसे पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वन महोत्सव मनाने का उद्देश्य, वृक्षों का हमारे जीवन में महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया कि वृक्षों के बिना जीवन, पर्यावरण और प्राकृतिक संतुलन सुरक्षित नहीं रह सकता।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, प्रकृति के प्रति प्रेम तथा अपने लगाए गए पौधों की जिम्मेदारी निभाने की भावना विकसित करना था। सभी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में भाग लेकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।











