डिंडोरी। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम बरगांव निवासी चमेली बनवासी पति कैलाश बनवासी ने युग एचपी गैस एजेंसी, करौंदी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उसका गैस कनेक्शन पूर्व में स्वीकृत हो चुका है, लेकिन एजेंसी संचालक एवं कर्मचारियों द्वारा अब तक उसे कनेक्शन प्रदान नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह कनेक्शन प्राप्त करने के लिए कई बार गैस एजेंसी के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है। महिला का आरोप है कि गुरुवार को भी जब वह एजेंसी पहुंचीं तो कर्मचारियों ने कथित रूप से अभद्रता करते हुए कहा कि “जहां लगे वहां शिकायत कर दो, तुम्हें कनेक्शन नहीं मिलेगा।”
पीड़िता ने अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसील शहपुरा, जिला डिंडोरी को आवेदन देकर उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिलाए जाने तथा संबंधित गैस एजेंसी के विरुद्ध जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।










