रक्तदान शिविर, टीबी मरीजों को पोषण किट, बीज एवं साइकिल वितरण से हितग्राही हुए लाभान्वित
जन विश्वास अभियान में सभी अधिकारी कर्मचारी घर-घर जाएं: विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
डिंडौरी : 07 अगस्त,2026 मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जिले के विकासखंड अमरपुर के ग्राम सिधौली (मोहगांव) स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय परिसर से अधिकारियों का दल बस द्वारा रवाना हुआ। जनप्रतिनिधियों का दल भी बस द्वारा कार्यक्रम स्थल पहुंचा, जिसमें शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रूद्रेश परस्ते, जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी अशोक सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल परिसर में पौधारोपण किया गया। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बालक आश्रम अंग्रेजी माध्यम एवं सीनियर उत्कृष्ट विद्यालय अमरपुर के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें अनुशासन एवं नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सेवाओं की समीक्षा की। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा जन विश्वास अभियान शिविर में आज 48 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया है तथा ऐसे ही प्रत्येक शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में शिविर का आयोजन 8 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने नागरिकों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिविरों में आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनहितैषी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाकर लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे, जिससे नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त होगा। इससे आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा तथा उनकी आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तता को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने बीवी जीरामजी योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अभियान के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। तथा आज के शिविर में सभी विभागों के शिविर लगाए गए हैं और आप लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। शिविर में ’’14 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रमाण-पत्र’’ वितरित किए गए। स्वास्थय विभाग द्वारा ’’टीबी मरीजों को पोषण आहार किट’’ प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा किसानों को ’’मूंगफली बीज’’ तथा मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को ’’मत्स्य बीज’’ वितरित किए गए। आयोजित ’’स्वैच्छिक रक्तदान शिविर’’ में 5 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मरावी भी शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त पात्र विद्यार्थियों को ’’साइकिलों का वितरण’’ भी किया गया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के माध्यम से जिला प्रशासन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, विकास कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।










