Search
Close this search box.

तीन दिनों से पटवारियों की हड़ताल जारी ,पटवारियों के हड़ताल से राजस्व कार्य ठप, किसान और आमजन हो रहे परेशान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहपुरा। । मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर प्रदेशभर में पटवारियों की पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यव्यापी कलमबंद हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। इसका असर शहपुरा तहसील में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जहां तहसील अध्यक्ष जागेश्वर परस्ते के नेतृत्व में सभी पटवारी तहसील परिसर में पंडाल लगाकर हड़ताल में शामिल हुए।
पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े अनेक आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसान एवं आम नागरिक नामांतरण, बंटवारा, फॉर्मर आईडी, आरओआर ई-केवाईसी (ROR e-KYC), खाद्य टोकन, किसान क्रेडिट कार्ड, आपदा प्रबंधन सहित अन्य राजस्व संबंधी सेवाओं के लिए परेशान हो रहे हैं। वहीं राजस्व न्यायालयों से जुड़े कई प्रकरणों की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू, पदोन्नति, नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा का आयोजन, समयमान वेतनमान का लाभ, जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में शामिल करना तथा वर्षों से लंबित मानदेय एवं अन्य देयकों का भुगतान शामिल है।
हड़ताल के कारण किसानों को खरीफ सीजन के दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाणपत्र समय पर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे बैंकिंग एवं कृषि संबंधी कार्यों में भी देरी हो रही है। आम नागरिकों ने शासन से जल्द वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की है, ताकि राजस्व सेवाएं सामान्य रूप से शुरू हो सकें और लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!